नीमच। कलेक्टोरेट के पास करीब 34 करोड़ की लागत से बने 4 मंजिला भव्य नए जिला न्यायालय भवन में 1 अप्रैल से कोर्ट से शुरू हो गई है। जहां तमाम सुविधाओं और आधुनिकता का दावा किया जा रहा हैं बावजूद परिसर में अभी से पक्षकार परेशान होते दिख रहे है। बुधवार को कोर्ट परिसर में अपने प्रकरणों की सुनवाई होने से पहुंचे पक्षकारों को मीडिया ने अपने कैमरे में कैद भी किया। जहां कोई पेड़ की छाया तो कोई पूछताछ कक्ष के आस पास शेड के नीचे बैठा हुआ था। उन्होंने कोर्ट परिसर में वाक्य में उनके लिए बैठक व्यवस्था और पेयजल की सुविधा नहीं होने की बात कही।
इन्हीं जायज मांगों को लेकर जिला अभिभाषक संघ पक्षकार और वकीलों की उचित बैठक व्यवस्था और मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने शुरू दिन से ही कार्य से विरत रहकर आंदोलन कर रहा है। उनके इस आंदोलन को 9 दिन बीत गए लेकिन अभी तक किसी जिम्मेदारों ने जनसाधारण और अधिवक्ता वर्ग से जुड़ी इन समस्या समाधन के लिए कोई पहल नहीं की है। जिससे वकीलों में आक्रोश व्याप्त है। वे हर दिन कई गतिविधियों के माध्यम से अपना अनिश्चितकालीन धरना आंदोलन चला रहे है। नए कोर्ट भवन के गेट के बाहर बुधवार को भी वकीलों का धरना प्रदर्शन चला। जहां बड़ी संख्या में सीनियर व जूनियर अधिवक्ता पहुंचे और सुबह 11 से शाम 5 बजे तक बैठे रहे। साथ ही उन्होंने आने वाले दिनों में उक्त आंदोलन को आगे बढाने को लेकर विचार विमर्श किया। सभी ने इस दौरान की जाने वाले गतिविधियों के बारे में सुझाव दिए। जिस पर संघ द्वारा निर्णय लिया जाकर उन्हें कराया भी जाएगा।
*सांसद-विधायक से मिले वकील, बताई समस्या-*
सांसद सुधीर गुप्ता ने बुधवार को नगर आगमन पर अभिभाषक संघ पदाधिकारियों को स्थानीय डाक बंगले पर बुलाकर पूरे मामले को लेकर विस्तार से चर्चा की। जहां वकीलों ने उन्हें नए कोर्ट में व्याप्त समस्याओं के बारे में बताया। जिसे सुनने के बाद उन्होंने लिखित में सभी स्थितियों की जानकारी मांगी और कहा कि मेरी ओर से भी इस निराकरण की पहल की जाएगी। संबंधित न्यायिक अधिकारियों को पत्र लिखेंगे। साथ ही जो भी उपयुक्त भूमि वकीलों को मिलेगी वहां सांसद-विधायक और कुछ जनभागीदारी की निधि मिलाकर वहां बैठक व्यवस्था के लिए आश्वासन दिया। इस दौरान वहां उपस्थित विधायक दिलीपसिंह परिहार ने भी उक्त बात अपनी सहमति व्यक्त की।


