नीमच। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष स्व.भेरुलाल किलोरिया (भेरू दादा) की स्मृति को चिर स्थाई बनाए रखने के लिए श्मशान परिसर में 5 लाख रू. की घोषणा विधायक दिलीपसिंह परिहार ने की।
मोक्षधाम में आयोजित शोकसभा में विधायक दिलीपसिंह परिहार ने स्व.किलोरिया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साथ बिताए पारिवारिक, सामाजिक, राजनैतिक पलों को याद किया और कहा कि नीमच-मनासा की राजनीति में उनका योगदान हमेशा अहम रहा। भाजपा संगठन में किलोरिया का प्रभाव मजबूत रहा। वे जिला अध्यक्ष रहे, उन्होंने जावद विधानसभा से चुनाव लड़ा और वे दस दिन के नगर पालिका अध्यक्ष भी बने, जो उनके राजनीतिक जीवन का एक अनोखा और यादगार अध्याय माना जाता है। संगठन विस्तार और कार्यकर्ता निर्माण में उनकी भूमिका हमेशा विशेष रही। किलोरिया बड़े संयुक्त परिवार के मुखिया थे। उन्हें एक सरल, समर्पित और संगठन के प्रति निष्ठावान नेता के रूप में हमेशा याद किया जाएगा।
